संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहल्ला लाहोरियान निवासी पूनम मेहरोत्रा के पुत्र अंकुर मेहरोत्रा का विवाह बीते 19 अप्रैल को मोहल्ला आर्यनगर निवासी जयप्रकाश अरोरा की पुत्री वंदना से हुआ था। 20 अप्रैल को रिसेप्शन था। 24 अप्रैल को नवदंपति गोवा चले गए। जहां से वह 28 अप्रैल को लौटे। 29 अप्रैल को परिजन वंदना को हंसी-खुशी मायके ले आए थे।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार को वंदना अपने मायके में एक कमरे में थी। काफी देर तक बाहर न आने पर जब परिजनों ने देखा तो कमरा अंदर से बंद था। इस पर परिजनों ने जब दरवाजा तोड़कर देखा तो वंदना फांसी पर लटकी हुई थी। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और वंदना के ससुरालियों को इसकी सूचना दी। ससुरालियों के पहुंचने पर वंदना को सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाल वीके जेठा, एसएसआई अरुण कुमार और कटोराताल चौकी इंचार्ज अरुण सैनी भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसएसआई ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।