बुधवार देर रात कोई नवजात बच्ची को रेलवे पटरी के पास झाड़ियों में फेंक गया। एक व्यक्ति ने बच्ची की रोने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को उठाकर रामनगर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बुधवार रात करीब एक बजे व्यक्ति प्रिया मॉल के पीछे बनी पार्किंग पर अपनी बाइक लेने गया। इस दौरान उसे पास की रेलवे पटरी के किनारे बनी झाड़ियों से बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। उसने झाड़ियां हटाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची थी। इस पर उक्त व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को रामनगर रोड स्थित एमपी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के स्टॉफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बच्ची का इलाज किया।
अस्पताल की नर्स नर्स अर्शी और सुनीता बच्ची की देखरेख कर रही हैं। बच्ची का इलाज करने वाले डॉक्टर रवि सहोताज ने बताया कि बच्ची स्वस्थ है, उसके ब्लड टेस्ट कराए गए हैं। इधर, अस्पताल के एमडी डॉक्टर संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची का इलाज और देखरेख श्री बांकेबिहारी ट्रस्ट एमपी मेमोरियल अस्पताल की ओर से किया जा रहा है।
इधर, बच्ची को कौन फेंक गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है। कई साल पहले भी एक विक्षिप्त महिला ने अपने दो नवजात शिशुओं को झाड़ियों में फेंक दिया था। दोनों की नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। ठीक इसी तरह एक अन्य मामले में एक बच्ची को कोई फेंक गया था, जिसे बाद में एक दंपति ने गोद लिया था।