बरा में डाक्टर के कंपाउंडर द्वारा एक किशोर को लगाए गए इंजेक्शन से हुई मौत के बाद बवाल हो गया। परिजनों ने शव को डाक्टर की क्लीनिक के आगे रखकर जमकर हंगामा काटा। बाद में ग्रामीणों ने परिजनों को समझाया तब जाकर मामला शांत हुआ। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को घर ले गए।
इस दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। अंबेडकर नगर फिरोजपुर निवासी शिव कुमार के 14 वर्ष के पुत्र नरेंद्र को शुक्रवार सुबह पेट दर्द हुआ। परिजन सुबह चार बजे बरा के एक डाक्टर के पास उसे ले गए। बताते हैं कि डाक्टर की गैरमौजूदगी में उसके कंपाउंडर ने नरेंद्र को इंजेक्शन लगाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ता देख परिजन उसे लेकर बरा के एक अस्पताल पहुंचे। जहां से डाक्टरों ने उसे किच्छा भेज दिया। बताया जा रहा है कि बाद में रुद्रपुर ले जाते समय बालक ने लालपुर के निकट दम तोड़ दिया। इससे गुस्साये परिजन और ग्रामीण शव लेकर डाक्टर की क्लीनिक के बाहर धरने पर बैठ गये। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मंाग को लेकर जमकर हंगामा भी काटा। सूचना पर सीओ प्रताप सिंह पांगती, पुलभट्टा चौकी प्रभारी देवेंद्र डांगी समेत तमाम पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। इस दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। देर शाम सीओ पांगती ने बताया कि ग्रामीणों के समझाने पर परिजन शव को अपने साथ घर ले गए हैं। बताया कि परिजन कार्रवाई नहीं चाहते हैं।