फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के आधार पर मृतक आश्रित कोटे से नौकरी पाने वाले बर्खास्त शिक्षक को कुंडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फर्जी अंकतालिकाएं और सनद आदि बरामद कर ली है।
जसपुर के मोहल्ला गुजरातियान निवासी हरगोविंद पुत्र स्व. रमेश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर रामजीवनपुर प्राथमिक विद्यालय में नियुक्ति पाई थी। उसकी नियुक्ति पिता की मृत्यु के बाद श्रमिक आश्रित कोटे से हुई थी।
फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर कई शिक्षकों द्वारा नियुक्ति पाने की शिकायत पर सीबीसीआईडी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। एसआईटी ने जांच में हरगोविंद की हाईस्कूल व इंटर की अंकतालिकाएं फर्जी पाईं।
इस मामले में जसपुर के उपशिक्षाधिकारी की ओर से 17 जुलाई को कुंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विपुल जोशी को सौंपी गई थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हाईस्कूल व इंटर के फर्जी प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए है।