नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस सिटी में सुपरटेक के डायरेक्टर से मारपीट कर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद के अलावा 40 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि सुपरटेक के डायरेक्टर नई दिल्ली जगतपुरी निवासी जीएल खेड़ा ने पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते बुधवार को वह अपने नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस सिटी कार्यालय में बैठे थे।
इसी बीच अमित नारंग, विक्रांत फुटेला समेत करीब 40 लोग वहां पहुंच गए और गालीगलौज करने लगे। यही नहीं वे सभी कार्यालय के कर्मचारियों से भी उलझ गए। जब उन्होंने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे मारपीट पर उतारू हो गए।
मामले की तहरीर पर पुलिस ने अमित नारंग, विक्रांत और 40 अन्य के खिलाफ धारा 147, 342, 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।