तीन दिन पूर्व गदरपुर थाना पुलिस ने 11 बाइक और बाइक लुटेरों को पकड़ा था बावजूद इसके लूटेरों के हौसले पस्त नहीं हुए। बृहस्पतिवार रात गूलरभोज के पास सिडकुल से लौट रहे युवक को नकाब पोशों ने पीटकर बाइक लूट ली और फरार हो गए। घटना से बौखलाए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी प्रभारी का घेराव कर मामले के खुलासे की मांग की है।
ग्राम ढाई नंबर निवासी गिरीश चंद मोनार्ड टेक्नोलॉजी सिडकुल रुद्रपुर में कार्यरत है। बृहस्पतिवार देर रात वह ड्यूटी से वापस घर आ रहा था। उसने बताया कि आईटीआई और सेलर के पास तीन अज्ञात लोगों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक दी। बदमाशों ने जेब में नगदी न मिलने पर बाइक छीनने का विरोध करने पर तमंचे से गोली मारने की धमकी दी और बाइक लूट कर ले गए। जैसे तैसे वह रात में पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी दी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पहुंच चौकी प्रभारी का घेराव किया और लूट के खुलासे की मांग की है। वहां पर संजीव भटेजा, किशोर सामंत, हरीश चंद, मोती चंद, नंद लाल, बृजलाल, रामाधार, धर्मेंद्र, जितेंद्र, ईश्वर चंद आदि थे।