जिले के अलग-अलग थानों में तीन और जेबीटी टीचर्स के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर उन पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
रोहड़ाई थाना पुलिस ने मूलरूप से झज्जर निवासी अनिल कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है। उस पर आरोप है कि वह 2010 में फर्जी तरीके से परीक्षा पास करने के बाद जिले के गांव जैतपुर के सरकारी स्कूल में पढ़ा रहा था।
वहीं कसौला थाना पुलिस ने मुढैयाखेड़ा निवासी विक्रम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी टीचर अभी कान्हावास स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पढ़ा रहा था।
इसके अलावा जाटूसाना थाने में कोसली के सद्पुरा गांव निवासी लखन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। लखन इस समय रामपुरा स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में पढ़ा रहे थे।
----------
कुल 13 पहुंची फर्जी जेबीटी टीचर्स की संख्या
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने 13 लोगों के खिलाफ फर्जी तरीके से परीक्षा पास कर नौकरी हासिल करने की शिकायत जिला पुलिस को दी थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पहले दिन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले दिन 9, दूसरे दिन 1 और तीसरे दिन 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।