एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में भूमि अधिग्रहण के नाम पर गलत ढंग से करोड़ों का मुआवजा लेने वाले काश्तकारों की पेशकश के बाद डीएम के निर्देश पर एसएलओ ने एसबीआई में खाता खोल दिया है। नए खाते के नंबर को आठ काश्तकारों को उपलब्ध करा दिया गया है। यह काश्तकार गलत ढंग से ली गई अतिरिक्त मुआवजे की रकम को खाते में जमा करेंगे।
भूमि मुआवजा घोटाले में बिचौलियों और अफसरों की मदद से अपनी भूमि का पिछली तिथियों में 143 कराने के बाद करोड़ों का फर्जी मुआवजा लेने वाले काश्तकारों पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी थी। इससे बचने के लिए बाजपुर और जसपुर तहसील के आठ काश्तकारों ने जिला प्रशासन को मुआवजा लौटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
उक्त सभी काश्तकारों ने अफसरों और कर्मचारियों से सांठगांठ कर पांच से 25 करोड़ तक का मुआवजा लिया था। तीन दिन पूर्व नैनीताल जिला कोर्ट ने काश्तकारों को मुआवजे की रकम वापस करने की अनुमति दे दी थी। जिला प्रशासन के निर्देश पर एसएलओ दफ्तर ने एसबीआई में खाता खोल दिया है और उसका नंबर भी कातश्कारों को उपलब्ध करा दिया है।
इसके साथ ही किच्छा तहसील की जांच में दस्तावेजों का अध्ययन करने पर एसआईटी के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। इसके आधार पर एसआईटी जल्द ही कुछ काश्तकारों और तहसील कर्मियों को पूछताछ के लिए नोटिस भेज सकती है। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि सितारगंज तहसील में कुछ सरकारी भूमि और श्मशान की जमीन के नाम पर मुआवजे लेने के मामले हैं। इनकी भी जांच की जा रही है।