पुलिस को लगातार चुनौती देते हुए बदमाशों ने तेल पेराई के कोल्हू पर धावा बोलकर महिला और उसके देवर को मारपीट कर अधमरा कर दिया। बदमाश जाते-जाते हजारों की नगदी और जेवरात लूटकर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कर काबिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार की देर रात वार्ड दो स्थित बड़े नाले के समीप उस्मान अली का तेल पिराई का कोल्हू है। उस्मान अपने परिवार के साथ रहता है। पिछले कुछ दिनों से वह काम के सिलसिले से बाहर गया था और पत्नी हमशीरा, 5 वर्षीय पुत्र रेहान और देवर अब्दुल घर पर थे। देर रात दो बजे तीन-चार अज्ञात बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे और सोती हमशीरा और देवर अब्दुल को बंधक बना दिया।
हमशीरा और देवर अब्दुल के विरोध जताने पर बदमाशों ने दोनों की जमकर पिटाई कर अधमरा कर दिया। मासूम पुत्र रेहान को जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने शोर नहीं मचाने की हिदायत दी। घटना को अंजाम देते हुए बदमाशों ने हजारों की नगदी और सोने के कुंडल व चेन लूटकर ले गए। बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो पड़ोसी उठ गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। लूट की खबर मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंच गई। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।