यूपी की सोढ़ी कॉलोनी में हुई डकैती की छानबीन को बिलासपुर थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र से पकड़े गए एक बदमाश की निशानदेही पर रुद्रपुर के सर्राफ को हिरासत में लिया है।
तीन जुलाई को यूपी के बिलासपुर थाना क्षेत्र की सोढ़ी कॉलोनी में हथियारबंद बदमाशों ने दो घरों में लोगों को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया था। पखवाड़े भर पूर्व रुद्रपुर की सिंह कॉलोनी में भी डकैती की एक वारदात हुई थी। डकैती के खुलासे में जुटी बिलासपुर थाना पुलिस को कुछ सुराग मिलने पर पुलिस ने चोरी की घटनाओं में लिप्त एक बदमाश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जिसने कुछ दिन पूर्व ही रुद्रपुर मुख्य बाजार के एक सर्राफ को चोरी का सोना बेचने की बात कही। पकड़ा गया बदमाश मूल रूप से रुद्रपुर के दिनेशपुर का रहने वाला है। वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। बदमाश की निशानदेही पर बृहस्पतिवार को रुद्रपुर पहुंची यूपी पुलिस ने कोतवाली पुलिस की मदद से सर्राफ को दुकान से हिरासत में लिया। इस दौरान रुद्रपुर पुलिस ने भी डकैती की जांच पड़ताल के लिए सर्राफ से पूछताछ की। यूपी पुलिस द्वारा पकड़े गये बदमाश के तार डकैती की घटना से जुड़े होने का अंदेशा जताया जा रहा है। फिलहाल यूपी पुलिस बदमाश को अपने साथ ले गई है। सीओ रुद्रपुर और सीओ स्वार रामपुर संयुक्त रूप से डकैतों की धरपकड़ के लिए अपनी टीम के साथ काम कर रहे हैं।
यूपी पुलिस के आने से व्यापारियों में हड़कंप
बृहस्पतिवार सुबह सर्राफ को दबोचने के लिए मुख्य बाजार पहुंची यूपी पुलिस को देखकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सर्राफ को हिरासत में लेने के बाद कुछ लोगों ने बाजार में भी डकैतों के पहुंचने की अफवाह फैला दी।
सर्वेश्वरी कॉलोनी की डकैती में मुरादाबाद पुलिस का लिया सहयोग
सर्वेश्वरी कॉलोनी में 22 जून को हुई डकैती के खुलासे के लिए रुद्रपुर पुलिस ने मुरादाबाद पुलिस का भी सहयोग लिया है। सूत्रों के अनुसार मुरादाबाद में छैमार जाति के लोगों की अधिक संख्या होने के कारण पुलिस वहां भी डकैतों की तलाश में जुटी है। छानबीन के लिए पुलिस ने मुरादाबाद पुलिस से पुराने छैमार गिरोह का ब्योरा जुटाया है। साथ ही लोकल स्तर पर भी पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।