फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हथियारबंद बदमाशों ने सेल्समैन को लूटा

Mon, 25 Dec 2017 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो रुद्रपुर।
विज्ञापन
रुद्रपुर कोतवाली में सेल्समैन से बात करते एसआई जसविंदर सिंह। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
बदमाशों को पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। वे खुलेमाम वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शनिवार सुबह समाचार पत्र अभिकर्ता को लूटने के बाद रात को बाइक सवार हथियारबंद चार बदमाशों ने हाइवे पर शराब की दुकान के सेल्समैन से तीन लाख की नगदी लूूट ली। हालांकि सेल्समैन लुटेरों से रकम बचाने के लिए बैग लेकर हाइवे किनारे स्थित एक ढाबे में घुस गया था और बैग ढाबा संचालक के हवाले कर दिया था, लेकिन बदमाश ढाबा संचालक पर तमंचा तानकर बैग लूटकर फरार हो गए। हाइवे पर लूट से पुलिस में हड़कंप मचा है। आनन-फानन में पुलिस टीमें गठित कर बदमाशों की तलाश में लगा दी गई हैं।
विज्ञापन


गल्ला मंडी स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में जयदेव सिंह रावत निवासी शक्तिफार्म और रवि जोशी निवासी चंपावत सेल्समैन हैं। वे मलिक कालोनी में किराए के कमरे में रहते हैं। शनिवार रात दस बजे उन्होंने दुकान बंद की और बिक्री के रुपये लेकर स्कूटी से घर की ओर निकले थे। स्कूटी जयदेव चला रहा था। वे श्याम प्रसाद मुखर्जी चौक के समीप पहुंचे ही थे कि दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने बाइक से टक्कर मारकर स्कूटी गिरा दी और बाइक का टायर जयदेव के पैर पर चढ़ा दिया। खतरा भांपकर रवि ने नगदी भरा बैग लेकर दौड़ लगा दी।

रवि के मुताबिक, करीब 50 मीटर भागने के बाद वह हाइवे किनारे स्थित खुराना फेमिली ढाबे में घुस गया और बैग ढाबा स्वामी श्याम सुंदर खुराना की ओर फेंक दिया। इसी बीच दो बदमाश हाथों में तमंचे लहराते हुए वहां पहुंच गए। आरोपियों ने श्याम सुंदर की ओर तमंचा ताना और गोली चलाने की धमकी देकर नगदी भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। वह और होटल पर काम करने वाले कर्मचारी बदमाशों के पीछे भागे, मगर वे फरार हो चुके थे। सूचना पर पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, मगर उनका सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने ढाबा स्वामी सहित दोनों सेल्समैनों से पूछताछ की। सेल्समैन जयदेव रावत ने लुटेरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पैर पर बाइक चढ़ने की वजह से वह घायल भी हुआ है।
विज्ञापन

 
एक दिन में दो वारदात से उड़ी पुलिस की नींद 
एक ही दिन में लूट की दो वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। दोनों वारदात के घटनास्थलों की दूरी बहुत ज्यादा नहीं है। हाइवे पर सेल्समैन से तीन लाख की लूूट की घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। रविवार को एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा ने बीट कांस्टेबल और चौकी इंचार्जों को तलब किया। उन्होंने गश्त में तेजी और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए। पुरानी अपराधिक घटनाओं में लिप्त रहे बदमाशों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखने को कहा। वहां पर एसएसआई नासिर हुसैन, एसआई जसविंदर सिंह, जीडी भट्ट, ओमप्रकाश सहित अनेक मौजूद रहे। 

13 घंटे में लूट की दो वारदात 
एक ही दिन में 13 घंटे के अंतराल में लूट की दो घटनाओं ने पुलिस की गश्त की पोल खोल दी है। इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है, जिस अंदाज में बदमाशों ने लूट की दोनों वारदात को अंजाम दिया है, उससे साफ है कि उन्हें पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। मॉडल कालोनी हो या हाइवे तमंचों के बल पर लूूट की वारदात अंजाम देकर बदमाश आसानी से भाग जाते हैं। 

पल्सर, स्प्लेंडर और स्पोर्ट्स बाइकों का कर रहे इस्तेमाल 
लूट की दोनों वारदात में शामिल बदमाशों की उम्र 21 से 25 साल बताई जा रही है। सेल्समैनों ने बताया कि बदमाशों के पास पल्सर और स्पोर्ट्स बाइकें थीं। उनकी नजर नगदी भरे बैग पर थी। चारों आरोपियों के पास तमंचे थे। इधर, समाचार पत्र अभिकर्ता अनिल तनेजा से लूटपाट करने वाले बदमाश स्प्लेंडर बाइक पर थे। दोनों ही घटनाएं पांच से दस मिनट में अंजाम देकर बदमाश भाग गए। 

सेल्समैन से हुई तीन लाख की लूट की घटना के खुलासे को लेकर एसओजी सहित चार टीमें लगाई गई हैं। कोतवाली के अलावा ट्रांजिट कैंप और पंतनगर थाने से भी पुलिसकर्मियों को टीम में शामिल किया गया है। जिस ढाबे से बदमाश नगदी भरा बैग लूूटकर ले गए, वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। हो सकता है कि दोनों लूट की घटनाओं में शामिल बदमाश एक ही हों। वारदात में लिप्त बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। 
विज्ञापन

-देवेंद्र पिंचा, एसपी सिटी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें