आठ मार्च को ही छुट्टी काटकर लौटे पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही को जब कथित तौर पर फिर से छुट्टी नहीं मिली तो आवेश में आकर उसने पुलिस लाइन में बनी मैस की छत से छलांग लगा दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। अफसरों ने एक निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद उसको अवकाश पर घर भेज दिया।
पिथौरागढ़ जिले का रहने वाला कांस्टेबल धर्मेंद्र रुद्रपुर पुलिस लाइन में तैनात है। बुधवार सुबह उसने पुलिस लाइन में बनी मैस की छत से छलांग लगा दी। आनन-फानन में धर्मेंद्र को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लाया गया जहां डाक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताकर उसे डिस्चार्ज कर दिया। सूत्रों के अनुसार धर्मेंद्र छुट्टी मांग रहा था लेकिन उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी। तनाव में आकर उसने छत से छलांग लगा दी। लेकिन, सीओ (पुलिस लाइन और यातायात) बीएस चौहान का कहना है कि धर्मेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है। चार महीने पहले बाजपुर थाने में तैनाती के दौरान भी उसने छत से छलांग लगा ली थी। इसके बाद उसे लाइन हाजिर कर रुद्रपुर पुलिस लाइन भेजा गया था। आरआई हीरा सिंह राणा का कहना है कि आठ मार्च को ही धर्मेंद्र छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था। और इन दिनों मुलजिम ड्यूटी भी कर रहा था स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसने छलांग लगाई। स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए उसे छुट्टी देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
स्वास्थ्य खराब तो कैसे कर रहा था मुलजिम ड्यूटी!
रुद्रपुर। आरआई हीरा सिंह राणा के अनुसार बीते सोमवार और मंगलवार को धर्मेंद्र ने मुलजिम ड्यूटी पूरी की थी। सवाल ये उठ रहा है कि स्वास्थ्य खराब होने के बाद भी अधिकारियों ने उसे मुलजिम ड्यूटी सौंपने का खतरा कैसे मोल ले लिया।
सिपाही धर्मेंद्र का स्वास्थ्य खराब है। कुछ समय पहले हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल में उसका इलाज भी करवाया गया था। मानसिक अवसाद में होने के कारण उसने इस तरह की हरकत कर दी।
-डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी यूएसनगर