मेट्रोपोलिस निवासी पटवारी की कार का शीशा तोड़कर बाइक सवार बदमाशों ने दो लाख रुपये की नगदी पार कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को अभियान भी चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पटवारी ने मामले की तहरीर सौंप दी है।
पुलिस के मुताबिक मेट्रोपोलिस सिटी निवासी दीपक चौहान रुद्रपुर तहसील में पटवारी हैं। सोमवार दोपहर वह अपनी कार (यूके-06-एबी-0037) में दो लाख रुपये की नगदी रखकर कुछ देर के लिए घर में चले गए। इसी बीच मौका पाकर पल्सर सवार बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया और उसमें रखी नगदी पार कर ली। यह देख पास में ही कपड़ों में प्रेस करने वाला युवक जब तक शोर मचाता, बदमाश फरार हो गए। इस पर युवक ने मामले की जानकारी पटवारी दीपक चौहान को दी। सूचना पर सीओ रमेश चंद्र जोशी, थानाध्यक्ष विक्रम राठौर, सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही बदमाशों की धरपकड़ को पुलिस ने जगह जगह चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।