नेपाली यात्रियों से टिकट के नाम पर अवैध वसूली मामले की परतें खुलती जा रही है। अब इसकी लपटें निगम कर्मचारियों पर भी आने लगी हैं। जांच में एक कर्मचारी का नाम आने से निगम के अफसरों में खलबली मच गई है।
मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई व एजेंसी की सेवाएं समाप्त करने की मांग की गई है। सोमवार को टनकपुर डिपो की बस 07 पीए 1469 से 22 नेपाली यात्री शिमला जा रहे थे।
टनकपुर डिपो में बने काउंटर से यात्रियों को तय टिकट के मूल्य से 25 रुपये अधिक लेने का मामला प्रकाश में आया था। इसी के चलते 22 नेपाली यात्रियों ने बस के काशीपुर डिपो में आने पर यहां के एआरएम हमेंद्र कुमार को लिखित में शिकायत की थी।
काशीपुर डिपो से मंगलवार को जांच रिपोर्ट टनकपुर को भेज दी गई थी। इस दौरान जांच में ऑनलाइन टिकट काउंटर में यात्रियों से अवैध वसूली का मामला सही पाया गया।
परिवहन निगम के आरएम अनुप रावत के अनुसार जांच के दौरान एक निगम कर्मचारी का नाम भी सामने आ रहा है। जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
बताया कि जांच रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी गई है। जिसमें नितिश आर्य नामक एजेंसी की सेवाएं समाप्त करने की मांग की गई है। इसके अलावा आरोपी एजेंसी कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई किए जाने के लिए लिखा गया है।