काशीपुर बाईपास रोड स्थित एक मोबाइल शोरूम के ताले तोड़कर दो नकाबपोश बदमाशों ने 12 लाख के मोबाइल पार कर लिए। दुकान में लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड के अनुसार वारदात के बाद दोनों चोर अपने तीसरे साथी के साथ कार से फरार हो गए।
ओमेक्स कॉलोनी निवासी हरपाल सिंह का एचपी इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल शोरूम है। बुधवार सुबह करीब चार बजे दो नकाबपोश शोरूम के शटर के ताले तोड़कर घुसे और दुकान में रखे करीब 80 मोबाइल ले उड़े। इधर, क्षेत्र में गश्त कर रहे सुरक्षा गार्ड लालता प्रसाद ने चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन एक कार सवार ने लालता प्रसाद पर तमंचा तानकर उसे धमकाया और तीनों कार में सवार होकर फरार हो गए।
सूचना पर एसपी सिटी देवेंद्र पींचा, कोतवाल केसी भट्ट और बाजार चौकी प्रभारी जसविंदर मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी को खंगालने पर दो नकाबपोश शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसने के बाद चोरी करते दिखाई दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दो अन्य दुकानों में भी किया चोरी का प्रयास
रुद्रपुर। एचपी इंटरप्राइजेज में सेंधमारी करने वाले चोरों ने हरपाल की दुुकान से पहले दो और दुुकानों में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। सबसे पहले चोर पुरानी इलाहाबाद वाली गली स्थित विजय वर्मा की गुरुनानक ज्वैलर्स की दुकान में पहुंचे यहां उन्होंने शटर के ताले तोड़े लेकिन शटर का सेंटर लॉक नहीं तोड़ पाए। इसके बाद चोर सागर गुंबर की मोबाइल की दुुकान पर पहुंचे यहां भी उन्होंने शटर के ताले तोड़े लेकिन शटर के अंदर लगे शीशे के दरवाजे नहीं तोड़ पाए। आखिरकार हरपाल की दुकान में उन्हें सफलता मिल गई।
नई कार लेकर आए थे चोर
रुद्रपुर। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले नकाबपोश सफेद रंग की नई आई-20 कार से आए थे। पुलिस कार भी चोरी की होने का अंदेशा लगा रही है।
दुकान के बाहर कैमरे लगे होने से मिलती मदद
रुद्रपुर। एचपी इंटरप्राइजेज में हुई चोरी की घटना में दुकान के अंदर दो चोर दिख रहे हैं लेकिन बाहर आने के बाद वे किस ओर गए, इसकी जानकारी नहीं है। दुकान के बाहर सीसीटीवी न होने से यह पता नहीं लग पा रहा है। हरपाल ने बताया कि दुकान के बाहर भी छह सीसीटीवी लगाए थे लेकिन अतिक्रमण हटाने के दौरान यह हटाने पड़े।
पुलिस की गश्त पर फिर सवाल
रुद्रपुर। चोरों ने एक ही रात में क्षेत्र की तीन दुकानों के ताले तोड़े, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। गंगापुर रोड पर हुई डकैती के बाद एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने हर थाना क्षेत्र की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे।