पुलिस ने राजेश मान की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को मंगलवार को मानव की हल्द्वानी में रहने वाली नानी के घर से बरामद कर लिया है। सोमवार को किच्छा पुलिस ने मानव को कोर्ट से दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। बुधवार को पुलिस मानव को साथ लेकर एक बार फिर से खटीमा स्थित शारदा नहर में मृतक राजेश मान के शव को खोजेगी।
रुद्रपुर के शांति विहार कॉलोनी में रहने वाले प्रापर्टी डीलर राजेश मान की उसके बेटे मानव चौधरी ने अपने दोस्त आशू के साथ मिलकर बीते वर्ष 29 अगस्त को हत्या कर दी थी। एक माह पूर्व पुलिस ने आशू के साथ ही मृतक राजेश की पत्नी सीमा चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फरार चल रहे मानव की धरपकड़ में जुटी किच्छा पुलिस टीम ने तीन दिन पूर्व मानव चौधरी को भी हल्द्वानी स्थित रामपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद मानव ने अपने पिता राजेश मान की हत्या की बात कबूली, जिसके आधार पर सोमवार को पुलिस ने मानव को कोर्ट से दो दिन की पुलिस रिमांड पर ले लिया।
मंगलवार को पुलिस ने मानव से पूछताछ करने के बाद उसकी निशानदेही पर हल्द्वानी में रहने वाली उसकी नानी के घर से हत्या प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया है। मृतक राजेश मान की लाइसेंसी पिस्टल को मानव ने नैनीताल जिले की नंधौर वैली स्थित दानीबंगर क्षेत्र में घटना वाले दिन ही तोड़ कर फेंक दिया था।
मंगलवार को किच्छा थाने में मामले का खुलासा करते हुए एसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि मानव की पिस्टल को बरामद कर लिया गया है। अब बुधवार को पुलिस टीम के साथ मानव को खटीमा स्थित शारदा नहर में भेजकर एक बार फिर से राजेश के शव को खोजने का प्रयास किया जाएगा।