उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर मझोला के पास एक ट्रक चालक का शव उसी के ट्रक के नीचे मिला। उसका हाथ अगले पहिए से कुचला हुआ था जबकि धड़ सही सलामत था। पुलिस हत्या और हादसा को लेकर उलझी हुई है। वहीं परिजनों ने हत्या की ही आशंका जताई है।
सत्रहमील पुलिस चौकी के पास मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह दौड़ लगा रहे एक युुवक ने ट्रक और उसके नीचे कुचले व्यक्ति को देख पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी अनिल उपाध्याय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक संख्या यूके 06सीबी-0765 सड़क के किनारे खड़ा था और लाईटें जल रहीं थीं। अगले पहिये के नीचे एक व्यक्ति का हाथ कुचला हुआ था। मृतक की जेब से मिले मोबाइल से ट्रक मालिक सितारगंज निवासी कुलवंत सिंह को सूचना दी गई। कुलवंत ने शव की शिनाख्त उसी ट्रक के चालक हरदयाल सिंह 50 पुत्र मिल्खा सिंह निवासी तराई माधोटांडा, जनपद पीलीभीत के रूप में की। पुलिस की सूचना पर हरदयाल का भांजा गुरदेव सिंह, बहन और बहनोई मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के बहनोई बिज्टी सितारगंज निवासी हरदयाल सिंह, हसनपुर किच्छा निवासी अमरीक सिंह और मृतक के भाई हरमिंदर सिंह ने हत्या की आशंका जतायी है। इस बारे में थाना प्रभारी उपाध्याय ने बताया हो सकता है किसी खराबी के चलते वह गाड़ी के नीचे घुसा हो और ट्रक आगे या पीछे हो गया हो। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही कुछ पता चल सकेगा। हरदयाल सिंह के परिवार में पत्नी पलविंदर कौर, बेटा 13 वर्षीय बूटा सिंह और बेटी छह वर्षीय जसप्रीत है।
10 साल से चला रहा था ट्रक
ट्रक मालिक कुलवंत सिंह ने बताया कि हरदयाल सिंह उनके यहां 10 साल से ट्रक चला रहा था। वह और उसका भांजा गुरदेव सिंह अलग-अलग ट्रकों पर 22 अगस्त को सितारगंज से कोलकाता गए थे और वहां से खटीमा के एक कारखाने का माल लेकर लौट रहे थे। गुरदेव सिंह 31 अगस्त को वापस आ गया था जबकि हरदयाल पीछे रह गया था। तीन दिनों से उनकी हरदयाल से बात नहीं हो सकी थी।
कई अनसुलझे सवाल
ट्रक चालक की एक जूती उसके पैर में थी, जबकि दूसरी ट्रक में। ऐसे में सवाल है क्या चालक एक जूती पहनकर ट्रक से उतरा। वहीं जिस जगह ट्रक खड़ा था वहां से उसके अपने आप आगे-पीछे होने का सवाल ही नहीं उठता है। ऐसे में चालक का एक हाथ ट्रक के नीचे कैसे दबा? ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब पुलिस को तलाशने होंगे। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से काफी कुछ साफ हो जाएगा।