बाजार क्षेत्र स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थिति में महिला के साथ पकड़े गए भाजपा कार्यकर्ता समेत तीन लोगों का पुलिस ने पुलिस एक्ट में चालान कर दिया है। साथ ही गलत आईडी पर कमरा देने वाले होटल प्रबंधक के खिलाफ भी नगद चालान की कार्रवाई की है।
ग्राम शिमला पिस्तौर निवासी भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष राकेश यादव बुधवार रात सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक होटल में लखीमपुर खीरी यूपी निवासी अपने दोस्त हिमांशु शाह के साथ शक्तिफार्म निवासी युवती को लेकर पहुंचा। यहां कमरा लेने के बाद देर रात किसी बात को लेकर दोनों दोस्तों में विवाद हो गया। मारपीट होने पर आसपास के लोगों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।
होटल पहुंची कोतवाली पुलिस ने राकेश और हिमांशु के साथ ही युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह फर्जी आईडी के सहारे होटल में रुके थे। यह होटल लीज पर संचालित किया जा रहा है। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि राकेश यादव के साथ ही उसके दोस्त और युवती के बालिग होने के कारण तीनों का पुलिस एक्ट में चालान किया है। बिना आईडी की जांच किए युवकों को सिल्वर पाइंट होटल में कमरा देने पर प्रबंधक नाजिर का भी पांच हजार रुपये का चालान किया गया है।
इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने मंडल अध्यक्ष विपिन जल्होत्रा की संस्तुति पर राकेश यादव की सदस्यता को तत्काल निलंबित कर दिया है।