राजस्व और खनन विभाग की टीम ने किच्छा तहसील के खमियां नंबर चार में स्थित पट्टे में छापा मारकर अवैध खनन पकड़ा है। टीम ने पट्टाधारक पर करीब छह लाख के जुर्माने की संस्तुति डीएम को करने के साथ ही पट्टे से निकासी पर रोक लगा दी है। इधर, शांतिपुरी में खनन विभाग की टीम ने अवैध रूप से खनिज ले जा रहे डंपर को पकड़कर पंतनगर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सोमवार को उपनिदेशक खनन राजपाल लेघा, एसडीएम किच्छा नरेश दुर्गापाल के नेतृत्व में राजस्व और खनन विभाग की टीम खमियां नंबर चार स्थित संदीप सिंह कार्की के पट्टे पर पहुंच गई। जांच में पता चला कि पट्टेधारक ने स्वीकृत क्षेत्र के सीमांकन का पिलर सही जगह पर लगाने के बजाए उससे कुछ दूर लगाया था। भैंसा गाड़ियों से अवैध ढंग से खनन किया जा रहा था। अवैध खनन स्थल की पैमाइश की गई तो 418 घनमीटर का अवैध खनन होना पाया गया।
उपनिदेशक लेघा ने बताया कि मामले में उत्तराखंड खनिज नियमावली और एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 23(सी) का उल्लंघन पाया गया। इसके तहत पट्टेधारक पर पांच लाख 90 हजार 830 रुपये जुर्माने की संस्तुति डीएम से की गई है। साथ ही पट्टे का पुन: सीमांकन होने तक खनन पट्टे की निकासी पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि शांतिपुरी क्षेत्र में खनिज ले जा रहे डंपर (यूपी 32 एएन 3607) को रोककर चालक से खनिज संबंधी कागजात मांगे गए, लेकिन चालक के पास कोई कागजात नहीं मिले। इस पर डंपर को सीज कर पंतनगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।