घर के अंदर जमीन के नीचे दबा धन निकालने का झांसा देकर ठगो ने किसान को ठग लिया। लालच में फंसे किसान ने जमीन गिरवी रख पूजा पाठ के नाम पर ठगो को साढ़े तीन लाख रुपये दे दिए। ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम टुकड़ी निवासी हरनाम सिंह पुत्र खुशाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसी के गांव की महिला रानो कौर पत्नी कश्मीर सिंह सहित तीन अन्य लोगों पर जमीन में दबे धन को निकालने का झांसा देकर साढ़े तीन लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि एक माह पूर्व ध्यानपुर निवासी कश्मीर सिंह पुत्र मंगल सिंह, कैथुलिया निवासी रेशम सिंह पुत्र प्यारा सिंह, टुकड़ी निवासी गुरदयाल सिंह और रानो कौर ने उसके घर के अंदर खजाना दबा होने की बात की और पूजा पाठ एवं तांत्रिक क्रिया कर धन निकालने का दावा किया। पूजा पाठ के लिए 61 बकरों की बली और हरिद्वार में पूजा के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये ले लेकर 40 दिन बाद धन निकालने की बात कही।
समय सीमा के बाद उसने कई बार उनसे कहा लेकिन वह हर बार टालते रहे। जब उसने पैसे का तकादा किया तो आरोपी उससे गाली गलौच करने लगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।