प्रेमी से धोखा मिलने पर दो युवतियों ने ट्रांजिट कैंप थाना में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। दोनों युवतियों का आरोप है कि उनके प्रेमी ने शारीरिक शोषण करने के बाद छोड़ दिया। अब प्रेमी कहीं और शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया।
शुक्रवार को दो युवतियां ट्रांजिट कैंप थाने पहुंच गई। ट्रांजिट कैंप की रहने वाली एक युवती ने बताया कि कुछ समय पहले उसका संजयनगर खेड़ा के एक युवक से प्रेम प्रसंग था। परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने उसकी शादी कहीं और कर दी थी। लेकिन प्रेमी ने उसका साथ नहीं छोड़ा था। इसके बाद वह अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी थी।
युवती का आरोप है कि पांच माह तक प्रेमी ने उसे अपने साथ रखा। लेकिन अब गर्भवती होने पर उससे शादी करने से इंकार कर रहा है। प्रेमी के परिजन उसकी कहीं और शादी की योजना बना रहे हैं। वहीं, दूसरी युवती ने बताया कि वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में नौकरी करती है। उसे फैक्ट्री में काम करने वाले सहयोगी से प्रेम हो गया था। कुछ समय बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
इस दौरान दो बार गर्भवती होने पर प्रेमी ने उसका गर्भपात करा दिया था। युवती का आरोप है कि जब उसने प्रेमी के परिजनों से शादी की बात की तो उसके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया गया। परिजन ने बताया कि बेटे की शादी तय कर दी है। पुलिस ने दोनों युवतियों की तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।