रास्ते में खड़े तीन युवकों ने गैस एजेंसी के कर्मचारी की पिटाई कर उसकी स्कूटी लूटी और फरार हो गए। लुटेरे स्कूटी लेकर रामनगर की दिशा में फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की सूचना आईटीआई थाना पुलिस को दे दी है। फिलहाल मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
ग्राम नीझड़ा निवासी भूपेंद्र सिंह नेगी कुंडेश्वरी रोड स्थित काशीपुर गैस एजेंसी में कार्यरत है। बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे वह अपनी काले रंग की स्कूटी संख्या (यूके 18 एफ/ 6429) लेकर घर वापस लौट रहे थे। बड़ वाले बाबा के मजार के पास रास्ते में खड़े तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। इन युवकों ने नेगी पर डंडो से हमलाकर उन्हें घायल कर दिया। बदमाश उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश स्कूटी लेकर रामनगर की दिशा में फरार हो गए। नेगी ने मामले की सूचना आईटीआई पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास किया। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि एक स्कूल के पास सुनसान इलाका होने के चलते आए दिन नशेड़ी किस्म के लोग वहां देर रात तक नशा करते हैं। कई बार मनचले वहां से गुजर रही महिलाओं और युवतियों के साथ भी अश्लील हरकतें करते हैं। जिससे लोगों में भय बना हुआ है।