कोसी नदी खनन क्षेत्र में पुलिस द्वारा पकड़े गए चार वाहनों को खनन माफिया जबरन छुड़ा ले गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों और माफियाओं के बीच गहमागहमी भी हुई। सूचना पर आसपास के थानों से पुलिस फोर्स मंगाया गया। उसके बाद देर शाम एडीएम, एएसपी के नेतृत्व में अभियान चलाकर अवैध खनन से भरे करीब 15 वाहन पकड़े।
मंगलवार शाम दोराहा पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ कोसी काटा खनन क्षेत्र में छापेमारी की। खनन से भरे तीन डंपर और एक ट्रैक्टर ट्राली का पकड़ लिया। वाहनों को पकड़े जाने की सूचना पर पहुंचे खनन माफियाओं ने हंगामा किया और दबंगई दिखाकर चारों वाहनों को छुड़ा कर ले गए। इधर भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य टिंकू तोमर सहित दर्जनभर लोग एकत्र होकर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रायल्टी होने पर भी वाहनों को पकड़ने पर आक्रोश व्यक्त कि या। माफियाओं की दबंगई को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इधर देर शाम एसडीएम आशीष भटगाई, अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एसडीएम जसपुर विनीत कुमार, एआरटीओ द्वारिका प्रसाद, पूजा नयाल, खनन अधिकारी राजपाल लेघा समेत पुलिस फोर्स के साथ छापेमारी की गई। जिसमें अवैध खनन से भरे 15 वाहन पकड़कर चौकी में खड़े कर दिए गए।