काशीपुर में घटना के बाद जाम लगाते कांवड़िए।
- फोटो : अमर उजाला
कांवड़ ले जा रहे कांवड़ियों को विपरीत दिशा से आ रहा एक पिकप वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में चार कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़ियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, पिकप चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कांवड़ियों ने दो बार जाम लगा दिया। पुलिस ने बमुश्किल उन्हें समझाकर शांत कराया और रवाना किया। देर शाम को पुलिस ने 50-60 अज्ञात के खिलाफ जाम लगाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एनएच-74 काशीपुर-बाजपुर रोड पर बल्ली ढाबे के पास बाजपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात पिकप ने ओवरटेक करते समय चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश (18) पुत्र मंगल, महेश (35) पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम नरगंज थाना बहेड़ी जिला बरेली घायल हो गए। इसके अलावा अन्य दो कांवड़ियों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस, काशीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल कांवड़ियों को राजकीय अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को काशीपुर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने एनएच-74 पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन ने पर कांवड़िये शांत हो गए और बल्ली ढाबे के आसपास ही बैठे गए। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे कांवड़िये वाहन चालक को शीघ्र पकड़ने की मांग को लेकर दोबारा उग्र हो गए और करीब सौ से अधिक कांवड़ियों ने एनएच-74 पर बल्ली ढाबे के पास जाम लगा दिया।
जाम लगने की सूचना पर सीओ राजेश भट्ट और कोतवाल चंचल शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझा बुझाकर शांत कराया। सीओ भट्ट ने वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। जिस पर करीब 30 मिनट बाद कांवड़ियों ने जाम खोल दिया और गंतव्य के लिए रवाना हो गए। सीओ के निर्देश पर मौके पर पुलिस पिकेट लगा दी गई है। सीओ ने बताया कि मामले में 50-60 अज्ञात के खिलाफ जाम लगाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।