हथियार बंद बदमाशों ने धावा बोल चार घरों में परिजनों को बंधक बनाकर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये की नगदी, सोने चांदी के आभूषण अन्य कीमती सामान सहित पांच लाख की लूटपाट की।
विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों की बटों, लाठी डंडों से पीटकर आठ लोगों घायल कर दिया। जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल है। लूटपाट के बाद बदमाश धमकी देकर फरार हो गए। खबर मिलते ही थाना प्रभारी सलाहउद्दीन ने पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। बबलू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 382, 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
बुधवार देर रात हथियारों से लैस छह बदमाशों ने वार्ड नंबर 4 निवासी रिजवान के घर में घुसकर सो रहे परिजनों को बंधक बना लिया। घर के अंदर रखी सोने की बाली, पायल, हार, चांदी का सेट, अंगुठी, चेन, समेत करीब एक लाख का सामान ले गए। उसके बाद पड़ोसी लियाकत अली कबाड़ी के घर में घुसकर बदमाशों ने परिजनों को बंधक बना पांच हजार की नगदी और सोने चांदी के आभूषण उड़ा लिए।
इसी वार्ड निवासी फिरोज खां के घर घुसकर बदमाशों ने दस हजार की नगदी सोने, चांदी के आभूषण और बिना सिलाई का कपड़ा भी चुरा लिया। उसके बाद बदमाशों ने मोहल्ला मडैया रतना अमरुद बाग निवासी सोमपाल और बनवारी के घर में घुसकर 1 लाख 25 हजार रुपये की नगदी, सोना,चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गये। बदमाशों ने चारों घरों में विरोध करने पर हथियारों की बटों और लाठी डंडों से मारपीट कर आठ लोगों को चोटिल कर दिया। जिसमें सोमपाल की पत्नी कलावती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज कराया गया। पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर आसपास क्षेत्र में कांबिग की।
थाना प्रभारी सलाहउद्दीन ने बताया कि पुलिस बदमाशों को गिरफ्तारी करने में जुटी है। जल्द ही लूट का खुलासा किया जाएगा।