छात्र संघ चुनावी रंजिश को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच लात घुसे और लाठी डंडे चले। मारपीट में दो छात्र नेता घायल हो गए। बाद में दोनों गुटों ने समर्थकों के साथ कोतवाली में हंगामा कर तहरीरें सौंपी। बता दें कि दोनों गुटों के बीच चुनाव से पहले भी मारपीट, कालेज में तोड़फोड़ और फायरिंग हुई थी।
जिसमें कालेज की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया था।
बृहस्पतिवार को मुख्य मार्ग पर सरेबाजार पूर्व छात्रसंघ सचिव प्रदीप और छात्र नेता विवेक उर्फ विक्की के समर्थकों का एक मिठाई की दुकान के पास आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच गालीगलौज शुरू हो गई। समर्थकों ने आसपास की दुकानों से लाठी डंडे लेकर एक दूसरे पर हमला कर दिया। मारपीट में पूर्व छात्र संघ जहां सचिव प्रदीप घायल हो गया वहीं, विक्की को भी गुम चोटें आईं। खबर मिलने पर दोनों गुटों के कई समर्थक और व्यापारी वहां एकत्र हो गए। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों गुट वहां से चले गए।
बाद में दोनों गुटों ने कोतवाली पहुंचकर एसआई डीवी सोलंकी और एसआई अशोक धनकड़ का घेराव कर एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीरें सौंपी। सीओ राजीव मोहन ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्हाेंने कहा कि शांतिभंग करने वालों को बर्दास्त नही होगी।