सिडकुल की प्लास्टिक कंपनी में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
सिडकुल स्थित एक प्लास्टिक ड्रम बनाने वाली फैक्ट्री के ड्रमों में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहनों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिडकुल सेक्टर चार में स्थित टाइम टेक्नो प्लास्ट लिमिटेड कंपनी में प्लास्टिक के ड्रम और प्लास्टिक मैट का उत्पादन होता है। कंपनी के बाहर खाली मैदान में तैयार किए ड्रमों को स्टोर किया जाता है।
शुक्रवार सुबह करीब सवा नौ बजे अचानक एक ट्रम में आग लग गई। देखते ही देखते कई अन्य ड्रम भी आग की चपेट में आ गए। कर्मचारियों ने कंपनी में मौजूद अग्नि उपकरणों से आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन तब तक आग कई दर्जन ड्रमों को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
सूचना पर दमकल विभाग के साथ ही बजाज कंपनी के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आने से बच गई। कंपनी प्रबंधन के अनुसार आग से लाखों की क्षति हुई है। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।