सुल्तानपुर पट्टी घर के बरामदे में पूरा परिवार सोता रह गया और चोरों ने कूमल लगाकर घर से लाखों के जेवर और नकदी उड़ा दी। चोर घर से करीब साढ़े आठ तोला सोना और 45 हजार की नकदी ले उड़े।
शनिवार देर रात आबिद हुसैन के परिवार के लोग ज्यादा गर्मी होने के कारण घर के बरामदे में कूलर लगाकर सोए हुए थे। रविवार की सुबह जब आबिद की पत्नी शमा परवीन ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। इस पर शमा ने दरवाजे को तेजी से धक्का मारा तो दरवाजे के आगे सोफा लगा था। शमा ने कमरे में देखा की दीवार में कूमल लगा हुआ था और बेड पर कपड़े व सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जिसमें से 45 हजार रुपये की नकदी के साथ ही साढ़े आठ तोला सोना गायब था। घर का कुछ सामान और कपड़े घर के पीछे गन्ने के खेत में बिखरे मिले। सूचना मिलने पर सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज दिनेश फर्त्याल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दिनेश फर्त्याल ने बताया कि मकान के पीछे गन्ने की खेती होने से चोरों ने आसानी से चोरी को अंजाम दिया है। खेतों के आसपास देखने पर किसी भी प्रकार के निशान नहीं मिले। खेतो में मिले कपड़ों के मुताबिक बैग और सूटकेस को खेत में खंगाला गया है। चोर कीमती सामान साथ ले गए और कपडे़ के साथ सूटकेस खेतों में छोड़ गए।
कूलर की आवाज के चलते आहट न हो पाई
आबिद की शादी लगभग तीन साल पहले ग्राम बाजपुर की शमा परवीन के साथ हुई थी। शमा गर्भवती है। आबिद बाजपुर में एक वर्कशॉप पर काम करता है। वह एक-एक पैसा आने वाले बच्चे की परवरिश के लिए जोड़ रहा था। आबिद ने बताया कि कूलर की आवाज के चलते उन्हें दीवार काटने की आवाज नहीं सुनाई दी।