क्षेत्र की एक युवती ने सीआरपीएफ जवान पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। युवती ने सीआरपीएफ के कमांडर एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर युवक पर कार्रवाई की मांग की है। युवती पिछली 14 जनवरी से नानकमत्ता थाने के चक्कर लगा रही है। उसने नानकमत्ता थाने में तैनात एक महिला दरोगा पर मामले में समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
नानकमत्ता क्षेत्र की एक युवती ने जम्मू स्थित सीआरपीएफ की 28वीं बटालियन के कमांडर को भेजे शिकायती पत्र में कहा कि मझोला निवासी 28 वर्षीय युवक श्रीनगर-जम्मू में तैनात है। पत्र में कहा गया है कि युवक से उसकी मुलाकात साल 2016 में नानकमत्ता में एक शादी में हुई थी। आरोप लगाया कि साल 2017 में युवक जब छुट्टी के बाद घर आया तो उसने नानकमत्ता के गेस्ट हाउस में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
बताया कि युवक जब भी छुट्टियों में घर आता तो उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता। पीड़िता का कहना है कि युवक अब शादी करने से मुकर रहा है। इसके साथ ही वह उसे व उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष पीड़िता से मिली
सितारगंज। मामले में महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने पीड़िता से मुलाकात की। उन्होंने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। लोहनी ने अमर उजाला को बताया कि पीड़िता ने अपनी आपबीती में बताया कि जब वह 11वीं कक्षा में थी तो युवक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे।
जब वह गर्भवती हो गई तो युवक ने उसे खटीमा के एक अस्पताल जाकर जबरन गर्भपात कराया। जब वह इस पूरे मामले की शिकायत लेकर नानकमत्ता थाने पहुंची तो वहां तैनात एक महिला एसआई ने युवक के परिवार की पैरवी करते हुए कहा कि मामला रफा दफा करो। पीड़िता का दावा है कि उसके पास थाने में हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है।
महिला दिवस के दिन तय है युवक की शादी
सितारगंज। पीड़िता युवती के अनुसार उसने युवक के पिता को फोन किया था। युवक के पिता ने बताया कि लोहाघाट की एक युवती से उनके बेटे की शादी आठ मार्च को रखी गई है। बता दें कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।