फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम की सभा में तड़पकर मरा बुजुर्ग, खामोश रहे नेता और पुलिस

Mon, 24 Oct 2016 12:18 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
र‌िश्‍तेदार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
तीस सालों से कांग्रेस की सेवा कर रहे बुजुर्ग कार्यकर्ता ने रविवार को मुख्यमंत्री की सभा में ही दम तोड़ दिया। सभास्थल पर करीब आधे घंटे तड़पते रहे बुजुर्ग की सुध न ही मंच पर गरज रहे नेताओं ने ली और न ही सीएम की आवभगत में लगे प्रशासन ने ली। इस कारण सभा स्थल पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कुछ नेता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिजनों को आश्वासन देकर अपने फर्ज की इतिश्री कर ली। 
विज्ञापन


गांव कुरैया किच्छा निवासी 62 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता जुम्मी पुत्र अली खां को जब कुछ दिन पहले सीएम हरीश रावत के रुद्रपुर में आने की सूचना मिली तो वह बेसब्री से सीएम को सुनने का इंतजार करने लगे। 

रविवार को जुम्मी का इंतजार खत्म हुआ और सुबह की नमाज पढ़ने के बाद वह अपने गांव के 16 अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बस में सवार होकर रुद्रपुर को रवाना हो गए। सीएम को देखने और सुनने की गहन लालसा लिए जुम्मी ने सभा स्थल पर पहुंचने के बाद पांडाल में एक कुर्सी ली और मंच पर टकटकी लगाकर अपने सीएम का इंतजार करने लगे। सीएम के आने के बाद जुम्मी ने कुर्सी से खड़े होकर गर्मजोशी से सीएम का स्वागत किया और सभा को सुनने लगे। 
विज्ञापन


इसी दौरान करीब एक बजे जुम्मी को प्यास लगी तो पांडाल में ही अपने बाई ओर लगे पानी के स्टाल पर चले गए। पानी पीने के बाद अचानक जुम्मी का स्वास्थ्य खराब हो गया और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही जुम्मी को खून की उल्टी आनी शुरु हो गईं और देखते ही देखते वह निढाल होने लगे। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस के एक दरोगा सिपाही के साथ वहां पहुंचे और फोन पर अपने अन्य साथियों को मामले की सूचना देने लगे। 

लेकिन किसी ने भी उनको उठाकर अस्पताल तक ले जाने की जहमत नहीं उठाई। इस दौरान वहां पहुंचे क्षेत्र के एक प्रधान ने भी अपने बडे़ नेताओं को इसकी जानकारी देनी उचित नहीं समझी। इसका नतीजा यह हुआ कि करीब आधे घंटे तड़पने के बाद जुम्मी ने दम तोड़ दिया। टेंपो में डालकर जुम्मी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

तीस सालों से कर रहे थे पार्टी की सेवा
सीएम की सभा में दम तोड़ने वाले किच्छा निवासी जुम्मी की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उनके भाई और बेटों जरीब अहमद, शाबिर, आरिफ, सादिक और शाबिर ने बताया कि जुम्मी 30 सालों से कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन पार्टी ने कोई पद उन्हें नहीं दिया था। इसके बावजूद वह पार्टी के हर कार्यक्रम में भागीदारी करते थे और कई बड़े कार्यक्रमों में उन्हें भी साथ ले जाते थे। रविवार को भी उन्होंने सुबह बताया कि वह रुद्रपुर में आयोजित सीएम की सभा में शिरकत करने जा रहे हैं, उसके बाद उनकी मौत की ही सूचना मिली। जुम्मी के बेटों ने बताया कि करीब दो साल पहले उनका स्वास्थ्य खराब हुआ जो दवा से ठीक हो गया था। फिलहाल वह स्वस्थ थे और इसी के चलते रुद्रपुर सभा में आए थे।

तीन घंटे बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पूर्व मंत्री बेहड़
ट्रांजिट कैंप के फुटबाल मैदान में आयोजित सीएम की सभा में तड़पकर मरे बुजुर्ग के मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि बुजुर्ग का स्वास्थ्य खराब होने से लेकर उसके अस्पताल पहुंचने तक कोई भी नेता या कार्यकर्ता उसकी सुध लेने नहीं पहुंचा। सीएम का कार्यक्रम खत्म होने के बाद कार्यक्रम संयोजक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना देकर हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद का भरोसा दिया। 

न मिली एंबुलेंस और न ही कोई सहारा देने वाला
सीएम की सभा में बुजुर्ग को समय पर अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली जबकि सीएम की फ्लीट में रहने वाली एंबुलेंस सभा स्थल में ही मौजूद थी। इसके बाद जब पुलिस कांस्टेबल भुवन उन्हें टेंपो में अस्पताल ले जाने को तैयार हुए तो कोई भी उन्हें उठाकर सहारा देने वाला नहीं मिला। इस दौरान वहां खड़े ट्रांजिट कैंप निवासी वेदप्रकाश ने मानवता का परिचय दिया और भुवन के साथ मिलकर उन्हें टेंपो में डाला और अस्पताल ले गए पर तब तक बहुत देर हो गई थी।

ब्लाक प्रमुख और प्रधान पहुंचे पोस्टमार्टम हाउस
सीएम की सभा में तड़प कर मरने वाले बुजुर्ग की मौत के बाद सबसे पहले उनके गांव के प्रधान राजेंद्र सिंह और क्षेत्र के ब्लाक प्रमुख दलजीत सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और उनके बेटों को उनकी मौत की सूचना दी। पूरे समय वहां खड़े होकर उनके परिवार का हिम्मत देते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें