फैक्ट्री से कॉपर वायर लेकर चले ट्रक को कुछ हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार रात्रि उस समय लूट लिया जब ट्रक में क्लीनर सो रहा था। बताया जाता है कि ट्रक मुरादाबाद रोड पर खड़ा था। तभी कुछ बदमाश ट्रक के केबिन में घुसे और क्लीनर को बंधक बनाकर ट्रक लेकर यूपी सीमा में लूटपाट कर दी। बदमाश 25 लाख रुपए कीमत का कॉपर लूट ले गए। घटना के दौरान ट्रक का ड्राइवर मौके पर नहीं था।
मंगलवार रात्रि मुरादाबाद रोड स्थित वी-गार्ड केबिल फैक्ट्री से टीसीआई ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक संख्या यूपी 21 एन-9617 ने कॉपर वायर से भरी 52 लाख रुपए लागत की 639 पेटी लोड की। माल कंपनी के गाजियाबाद स्थित गोदाम जाना था। फैक्ट्री से निकलने के बाद ट्रक ड्राइवर ने ट्रक को मुरादाबाद रोड स्थित मानपुर साबिक, डिलारी रोड पर खड़ा कर दिया। ट्रक में क्लीनर मुरादाबाद निवासी शबाबुल हुसैन था जो ट्रक के अंदर ही सो गया। शबाबुल ने बताया कि देर रात्रि हथियारबंद कुछ बदमाश ट्रक के केबिन का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और उसे बंधक बना लिया। बदमाश ट्रक को लेकर ठाकुरद्वारा की ओर चले गए।
ठाकुरद्वारा के आगे ग्राम रामूवाला स्थित मजार के पास ट्रक को रोक दिया। बदमाश ट्रक में लदी कॉपर वायर से भरी करीब 25 लाख रुपए मूल्य की 273 पेटी ले गए। जबकि करीब 366 पेटी ट्रक में ही छोड़ गए। क्लीनर किसी तरह अपने को मुक्त कराकर सड़क में पहुंचा और किसी व्यक्ति का फोन लेकर अपने पिता को फोन किया। लूट की सूचना पर एएसपी देवेंद्र पिंचा, सीओ प्रकाश चंद, एसआई नासिर हुसैन पुलिस टीम के साथ यूपी क्षेत्र में पहुंच गए। साथ ही एसओजी ने भी पहुंचकर मामले की जानकारी ली।