पुलिस हिरासत में बैलजुड़ी निवासी जियाउद्दीन की मौत के मामले में जांच को लेकर सीबीआई टीम मंगलवार को काशीपुर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने किसी से कोई बात नहीं की।
एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में कटोराताल चौकी पुलिस ने 25 फरवरी 2017 को बैलजुड़ी निवासी जियाउद्दीन पुत्र मो. यामीन को हिरासत में ले लिया था। 28 फरवरी की शाम उसका शव पुलिस चौकी की बैरक में छत के कुंडे से लटका पाया गया। इस मामले में मृतक के पिता ने कटोराताल चौकी के तत्कालीन प्रभारी और दो कांस्टेबलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना सिविल पुलिस और सीबीसीआईडी ने की। हाइकोर्ट के आदेश पर मामले की विवेचना सीबीआई कर रही है। मंगलवार को सीबीआई के उपाधीक्षक एमएस नेगी और एक अन्य निरीक्षक काशीपुर पहुंचे। कार और चालक को कोतवाली में छोड़ सीबीआई अधिकारी पैदल ही जांच को निकल गए। उन्होंने कटोराताल चौकी पहुंचकर घटनास्थल पर सरसरी नजर डाली। इस दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने किसी से बात नहीं की। बाद में उन्होंने कुछ और साक्ष्य जुटाए। सीबीआई अधिकारियों ने अभी तक मृतक जियाउद्दीन के परिजनों और गवाहों से कोई संपर्क नहीं किया है। इस मामले में पूछे जाने पर सीबीआई के उपाधीक्षक नेगी ने कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया।