एक व्यक्ति ने पड़ोसी युवक पर उसकी नाबालिग बेटी के साथ छह माह तक दुष्कर्म करने और बेटी को गर्भवती बनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी से किशोरी को एक बच्ची भी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी, उसकी मां समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र निवासी एक गांव निवासी व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका पड़ोसी कमलजीत सिंह उसकी 13 साल की नाबालिग बेटी को बहला फुसला और शादी का झांसा देकर छह महीने तक दुष्कर्म करता रहा। इस बीच उसकी बेटी गर्भवती हो गई। आरोप है कि बेटी के गर्भवती होने का पता चलने पर पंचायत बुलाई गई। जिसमें आरोपी युवक के परिजनों ने बेटे की शादी किशोरी से कराने का वायदा किया, जिस पर पीड़ित पिता ने पुलिस में शिकायत नहीं की।
लेकिन बाद में आरोपी के परिजन अपने वायदे से मुकर गए। पीड़ित का कहना है कि एक महीने पहले उसकी बेटी ने एक पुत्री को जन्म दिया। अब आरोपी कमलजीत सिंह, उसकी मां सुखविंदर कौर, रिश्तेदार चरनजीत सिंह, सोनू, पिंदर, जसवंत सिंह, महल सिंह उन्हें पुलिस से शिकायत नहीं करने को लेकर लगातार धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी, उसकी मां समेत सात लोगों पर पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, इतने संवेदनशील मामले में पुलिस की संवेदनहीनता भी सामने आई है।
दिन में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी रात तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। मामले में एसओ दिनेशपुर हिमांशु पंत ने बताया कि विवेचना एसआई जगदीश राम को सौंपी गई है। विवेचना के बाद ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।