हत्या के प्रयास में नामजद ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख के पति की धरपकड़ को गई पुलिस ने कथित रूप से आरोपी के परिजनों पर लाठियां भांज दीं और आरोपी के भाई की पगड़ी उछाल उसे घसीटते हुए थाने ले आई। इस दौरान ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख और घर की अन्य महिलाओं से पुलिस कर्मियों ने बदसलूकी की। इससे आक्रोशित व्यापारी और ग्रामीणों ने थाना घेरा। आरोपी पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और थाना स्टाफ के स्थानांतरण की मांग को लेकर चार घंटे तक धरना चला। थाने पर हंगामे से सारी रात भारी पुलिस बल तैनात रहा। एएसपी ने घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपी दरोगा को सस्पेंड और दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
बुधवार को जमीनी विवाद के मामले में पुलिस ने नानकमत्ता के पूर्व प्रधान दलजीत सिंह की तहरीर पर ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख गुरविंदर कौर के पति सतनाम सिंह सोनू और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। देर रात हल्का इंचार्ज प्रदीप चौहान पुलिस कर्मियों के साथ ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख के घर आदर्श ज्ञान मंदिर गली पहुंचे। आरोप है कि पुलिस दरवाजे को धक्का मारकर घर के अंदर घुसी। हल्का इंचार्ज ने ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख से उनके पति सोनू के बारे में पूछा। जैसे ही गुरविंदर ने पति के बाहर जाने की बात कही तो पुलिस ने गाली-गलौच करते हुए मारना-पीटना शुरु कर दिया। गुरविंदर को बचाने आई देवरानी सुखविंदर कौर पत्नी हरप्रीत सिंह व बुजुर्ग सास कुलवन्त कौर (65) पर भी पुलिस ने लात घूंसे व लाठियां भांजी।
इस बीच आरोपी का भाई हरप्रीत अपनी मिठाई की दुकान बंद कर घर पहुंचा तो पुलिस कर्मियों ने उसकी पगड़ी उछाल दाढ़ी के बाल नोच डाले और घसीटते हुए उसे थाने ले गए। इससे आक्रोशित ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख गुरविंदर कौर ने सैकड़ों व्यापारी व ग्रामीणों के साथ थाना घेरा। ग्रामीणों की भीड़ देख पुलिस ने थाना गेट पर ताला जड़ दिया। इस पर ग्रामीण सहकारी गन्ना विकास समिति के पूर्व चेयरमैन कुंवर शिववर्धन सिंह के साथ गेट पर ही धरने पर बैठ गए और थाना स्टाफ को स्थानांतरित करने, आरोपी दरोगा और पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। आरोप था कि दरोगा व सिपाही शराब के नशे में धुते थे। शिववर्धन ने एसएसपी नीलेश आनंद भरणे को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद खटीमा सीओ उत्तम नेगी के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स थाने पहुंचा। एएसपी टीडी वैला ने भी थाने पहुंच जानकारी ली। इसके बाद वैला ने एसएसपी के निर्देश पर हल्का इंचार्ज प्रदीप चौहान को सस्पेंड और सिपाही गणेश जोशी व सुभाष प्रसाद को लाइन हाजिर कर दिया। थानाध्यक्ष रजत कसाना ने भी खेद जताया। प्रदर्शनकारियों में अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रेम सिंह टुरना, डा. देवेंद्र सिंह, अमित अग्रवाल, स्वर्ण सिंह, विजय अग्रवाल, अतर सिंह, मलूक सिंह खिंडा, तरसेम सिंह, बलजीत सिंह आदि थे।