नई बाइक में मित्र के साथ घर लौट रहे युवक से बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे के बल पर बाइक छीन ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। बताते हैं कि पीड़ित ने एक सप्ताह पूर्व ही बाइक खरीदी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार शाम आठ बजे ग्राम घोसीपुरा थाना खटीमा निवासी सोहन सिंह पुत्र उमेश सिंह अपने रिश्तेदार ग्राम झनकट निवासी मनीष राणा पुत्र कुंवर सिंह के साथ सितारगंज से अपने रिश्तेदार के घर आ रहे थे। खकरा पुल के पास वह मजार पर माथा टेकने रुके।
इस दौरान बाइक से वहां पहुंचे दो युवकों ने उनसे तमंचे के बल पर बाइक लूट ली। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर सितारगंज की ओर भाग खड़े हुए। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने कांबिंग की लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला।
पीड़ित सोहन सिंह ने बताया कि इसी 18 अक्तूबर को उसने दो लाख अठारह हजार में बाइक खरीदी थी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बाइक बरामदगी की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नही किया था।