यूपी और उत्तराखंड में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह केे एक और सदस्य को कोतवाली पुलिस ने मय चोरी की बाइक के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया युवक बरेली में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाने के साथ ही ऊधमसिंह नगर जिले में बाइक चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस पकड़े गये चोर की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों की धरपकड़ में जुटी है।
कोतवाली पुलिस ने कुछ दिन पूर्व यूपी और उत्तराखंड में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को चोरी की नौ बाइकों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पकड़े गये युवकों ने बताया था कि उनका सरगना रुद्रपुर दुधिया नगर निवासी सुभाष है। तीन दिन बाद पुलिस ने चोरी की दो बाइकों सहित सुभाष को भी गिरफ्तार कर लिया।
सुभाष ने बताया कि वह चोरी की बाइकों को बरेली में बेचता था और इस काम में बरेली में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाला सुनील उसकी मदद करता था। गिरोह के नौ सदस्यों के पकड़ में आने के बाद वह भी बरेली में ही छुप गया। सुभाष की निशानदेही पर शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने पोस्ट दुम्का थाना साही मीरगंज बरेली निवासी सुनील शर्मा को भी एक चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सुनील ने बताया कि वह बरेली के सिरसा में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता है और कुछ समय पूर्व ही सुभाष के संपर्क में आने के बाद बाइकों की चोरी करने लगा। सुभाष के कहने पर उसने रुद्रपुर के गांधी पार्क से एक बाइक भी चुराई। जो पुलिस ने उसके पास से बरामद की है। मामले को लेकर कोतवाल तुषार बोरा का कहना है कि सुनील के पास से बरामद चोरी की बाइक के मामले में कुछ समय पूर्व जगतपुरा निवासी एक युवक ने तहरीर सौंपी थी जिस पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। फिलहाल सुनील ने गिरोह के कई और सदस्यों के नाम भी खोले हैं जिनकी धरकपड़ के लिए सुरागकशी की जा रही है।