पुलिस और एसओजी ने मोबाइल शाप से हुई चोरी का खुलासा कर चोर को चोरी के मोबाइल सहित गिरफ्तार कर लिया है। चोर कोई और नहीं एक बैंक एटीएम का सिक्योरिटी गार्ड निकला।
बुधवार को कोतवाली में कोतवाल वीके जेठा ने रामनगर मार्ग पर स्थित मोबाइल केयर सेंटर में हुई चोरी का खुलासा किया। कोतवाल ने बताया कि 22 मई 2015 को हरविंदर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
चोरी के खुलासे के लिए कटोराताल चौकी प्रभारी अरुण सैनी, बांसफोड़ान चौकी प्रभारी एमएस दसौनी, एसओजी टीम प्रभारी प्रहलाद सिंह की टीम बनाई गई।
मंगलवार की देर शाम मुखबिर ने बताया कि एक युवक मोबाइल बेचने के लिए कलश मंडप के पास खड़ा है। टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया।
उसके पास मिले बैग में नए, पुराने मोबाइल रखे हुए थे। कोतवाली लाने पर उसने अपना नाम जिशान निवासी मोहल्ला छिपियान थाना जसपुर बताया है।
उसके पास 11 मोबाइल, 81 स्क्रीन गार्ड, एक वेब कैमरा, दो स्पीकर, 9 जीबी मैमोरी कार्ड आदि बरामद हुए। कोतवाल ने बताया पकड़ा गया चोर एक बैंक के एटीएम का सिक्योरिटी गार्ड है। उसे एक सिक्योरिटी एजेंसी ने रखवाया है। टीम में अवधेश, रामप्रसाद व नीरज शामिल थे।