जिले में एटीएम लूट और उसे उखाड़ने की बढ़ती वारदातों को लेकर जिला पुलिस अलर्ट हो गई है। इसके लिए जिले के कप्तान ने बैंक और एटीएम की सुरक्षा को एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के तहत एटीएम में सुरक्षा मानक नहीं होने पर उसे सीज किया जाएगा।
बुधवार को अमर उजाला ने जिले में एटीएम की सुरक्षा को लेकर ‘70 फीसदी एटीएम में नहीं सुरक्षा के इंतजाम’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए जिले के कप्तान नीलेश आनंद भरणे ने एटीएम और बैंकों की सुरक्षा को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
साथ ही जिले के सभी थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को एडवाइजरी की जानकारी प्रत्येक बैंक और एटीएम एजेंसी को भी देने को कहा है। ताकि वे एटीएम और बैंक में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कर सके। जिससे भविष्य में एटीएम लूट जैसी वारदातों पर रोक लगाई जा सके।
ये है एडवाइजरी:
-नए एटीएम खोलने से पहले पुलिस से सुरक्षा की दृष्टि से लेना होगा अनापत्ति प्रमाण पत्र
-एटीएम सुरक्षा कर्मियों का पुलिस सत्यापन
-एटीएम की सुरक्षा को लेकर सशस्त्र प्रशिक्षण सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
-एटीएम सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षण
-हर माह एटीएम सुरक्षा में लगे कर्मियों की निकटतम थाना पुलिस के साथ गोष्ठी
-एटीएम में अलार्म का स्विच एक स्थान पर न होकर कई जगह लगाना होगा
-जिस एटीएम में रात को सुरक्षा कर्मी न हो, वहां पर बर्गलरी अलार्म सिस्टम लगाना अनिवार्य
-एटीएम में नाइट विजन के साथ उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगे हों
-एटीएम में जासूसी कैमरे लगे हों
-एटीएम में चिप लगाकर आटो डायलिंग सिस्टम लगाना होगा
-एटीएम में एंटी लिफ्टिंग और एंटी टायलिटिंग सिस्टम लगे हों
-एटीएम कक्ष के बाहर भी उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगे हों
-एटीएम जमीन में कम से कम दो से तीन फिट गड़े होने चाहिए
-दूरदराज क्षेत्रों में लगे एटीएम में सुरक्षा कर्मी की तैनाती कर रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक शटर डाउन रखा जाए
-एटीएम में रुपये डालने वाले वाहन में चार सशस्त्र गार्डों की तैनाती
सेंसर सिस्टम लगाने के हो रहे प्रयास
जिले में एटीएम लूट और उसे उखाड़कर ले जाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब बैंकों और एजेंसी अधिकारियों से एटीएम में सेंसर सिस्टम लगाने के लिए प्रयासरत है। एटीएम में लगा सेंसर सिस्टम ऐसा यंत्र है, जो एटीएम में किसी भी प्रकार का झटका लगने पर सक्रिय हो जाएगा। सेंसर सिस्टम के सक्रिय होते ही आटोमैटिक ही एटीएम को उखाड़ने का प्रयास करने वाले बदमाश की फोटो खिंच जाएगी।
साथ ही उसमें लगा अलार्म सिस्टम भी बजने लगेगा। यदि इसके बाद भी बदमाश एटीएम उखाड़कर ले जाने में कामयाब हो जाते हैं, तो उसमें लगे जीपीएस सिस्टम से बदमाशों की लोकेशन मिल जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए मेरठ की एक कंपनी से बात भी की जा रही है। जिसका नौ अगस्त को पुलिस लाइन में बैंक अधिकारियों और एटीएम एजेंसी के अधिकारियों को बुलवाकर डेमो दिखाया जाएगा। ताकि वे अपने अपने बैंकों के एटीएम में सेंसर सिस्टम लगा सकें।