महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तार झांसी के पालीटेक्निक पुलिस चौकी इंचार्ज दीपक दुबे को कोर्ट में पेश करने के बाद निवाड़ी जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त सर्विस रिवाल्वर मय कारतूस के बरामद कर ली है।
हत्या के समय प्रयोग में लाई गई बुलेट मोटर साइकिल के बारे में आरोपी दारोगा ने बताया कि यह बाइक इस समय उसके साथी ऋतुराज के पास है। पुलिस ने मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए पुलिस टीम भेज दी है। एसएसपी झांसी ने दीपक दुबे की गिरफ्तारी के पहले ही उन्हें निलंबित कर दिया था। मालूम हो कि इस मामले में दो अन्य लोगों पर भी संदेह है पर पुलिस अब तक इन तक पहुंच नहीं सकी है। पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्द ही इस कांड के सभी आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा। मालूम हो कि रविवार की रात पावर हाउस कालोनी निवासी महिला कांति झारखड़िया की गोली मारकर की गई हत्या के बाद से पुलिस अधीक्षक निमिष अग्रवाल ओरछा में ही डेरा डाले हुए हैं।
शक की सुई झांसी के एक और दारोगा पर
झांसी। ओरछा में गोली मारकर की गई महिला की हत्या के मामले में दारोगा दीपक दुबे की गिरफ्तारी के बाद इस कांड में झांसी का ही एक और दारोगा संदेह के घेरे में आ गया है।
बुधवार को ओरछा निवासी एक महिला जो कि मृतका की पड़ोसन है, ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस में रहने वाली कांति झारखड़िया की हत्या मेें न सिर्फ दीपक दुबे अकेला शामिल है, बल्कि इस वारदात के समय झांसी के ही थाने में तैनात एक अन्य दारोगा भी मौजूद था। प्रार्थना पत्र में महिला ने उक्त दारोगा के नाम का खुलासा करते हुए उसके निलंबन व कार्रवाई की मांग की है।