हाथ देखने के बहाने एक ढोंगी नागा बाबा ने व्यापारी के हाथ से अंगूठी निकालकर निगल ली। पुलिस की पूछताछ में बाबा ने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। फिलहाल बाबा से पूछताछ जारी है।
ग्राम महाराजपुर लालपुर में केवल कृष्ण ठुकराल की ठुकराल प्रोविजन स्टोर के नाम से किराने की दुकान है। शनिवार शाम को केवल अपनी दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। उनका बेटा अन्नू ठुकराल दुकान के अंदर था। इसी दौरान एक बाबा उनके पास आया और उनका हाथ देखने की बात कही।
केवल ने उसे दस रुपये देकर हाथ नहीं दिखाने की बात कही लेकिन बाबा ने जिद से उनका हाथ पकड़कर उनकी अंगुली से दो तोले की सोने की अंगूठी निकाली और निगल गया। भागने की कोशिश करने पर केवल ने बाबा को पकड़ लिया और आसपास के लोगों की मदद से उसे अपने गोदाम में बंद कर दिया।
सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने जब बाबा से पूछताछ की तो उसने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात कही। पकड़े गए बाबा ने अपना नाम बाबानाथ निवासी जमुनानगर हरियाणा बताया। पुलिस ने बाबा के झोले से उसके नागा बाबा होने का प्रमाण पत्र भी बरामद किया है। पुलिस ने बाबा को थाने में बैठा रखा है।