जिला विकास प्राधिकरण ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ शुक्रवार को दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रखी। टीम ने फाजलपुर महरौला में एलाइड इन्फ्रा की निदेशक प्रिया शर्मा के निर्माणाधीन पंचवटी कांप्लेक्स पार्क में एक लिफ्ट, दो आवास व तीन दुकानों और प्रीत विहार कॉलोनी की 10 दुकानों को सील कर दिया। बता दें कि प्रिया शर्मा एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में एसआईटी के रडार पर भी हैं। अब इस कार्रवाई से उन पर शिकंजा और कसा है। इधर, प्राधिकरण की ताबड़तोड़ कार्रवाई से बिल्डरों में खलबली मची हुई है।
जिला विकास प्राधिकरण की टीम शुक्रवार को पुलिस बल के साथ रामपुर रोड स्थित एलाइड इन्फ्रा की निदेशक प्रिया शर्मा के निर्माणाधीन पंचवटी कांप्लेक्स पार्क पहुंची और उसे सील कर दिया। वहां लिफ्ट, दो आवास और तीन दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा था। साथ ही प्रीत विहार मार्ग से सटी दो दुकानों के आगे पार्किंग के लिए स्थान नहीं छोड़ा गया था। एक दुकान का आवासीय नक्शा स्वीकृत कराकर उसमें दुकान खोलने की तैयारी चल रही थी। तभी मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी ने दुकान का नक्शा पास होने की बात कहकर टीम को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने दुकान को सील कर रहे होमगार्ड के हाथ से तार छीन लिया, लेकिन दस्तावेज जांचने के बाद टीम ने दुकान स्वामी को फटकार लगाकर दुकान सील कर दी। इसके बाद टीम ने पंचवटी कांप्लेक्स के पास ही प्रीत विहार कॉलोनी की निर्माणाधीन 10 दुकानों को भी सील कर दिया। प्राधिकरण के जेई आरएल भारती ने बताया कि पंचवटी कांप्लेक्स पार्क में बिना नक्शा पास कराए निर्माण कार्य चल रहा था। कुछ दुकानों में मानचित्र के नियमों का उल्लंघन पाया गया। नोटिस देने के बावजूद निर्माण कार्य न रोकने पर सील की कार्रवाई की गई है। प्रीत विहार कॉलोनी के दो ब्लॉकों की 10 दुकानों को भी सील कर दिया गया है। इसके अलावा भूखंडों के निर्माण पर भी रोक लगा दी है। टीम में प्राधिकरण के एई आनंदराम, तहसीलदार अमृता शर्मा, जेई सेवितम पांडेय समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
बेवजह पिस रहे प्लाट खरीदने वाले लोग
रुद्रपुर। पंचवटी कांप्लेक्स पार्क पर निर्माण रोकने के दौरान वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने कहा कि कॉलोनाइजरों से दुकानें और आवास के प्लॉट खरीदने वाले लोग बेवजह बीच में पिस रहे हैं। उन्होंने टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों में दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुराने कांप्लेक्स का मामला कोर्ट में
रुद्रपुर। पंचवटी कांप्लेक्स के पास ही कई सालों से अधूरे पड़े निर्माणाधीन कांप्लेक्स को सील करने के लिए भी टीम पहुंची, लेकिन तहसीलदार ने फोन पर जिला विकास प्राधिकरण के सचिव को अवगत कराया कि उक्त पुराने कांप्लेक्स का मामला कोर्ट में चल रहा है। इसके बाद टीम उस पुराने कॉम्पलेक्स को सील किए बगैर लौट गई।
इस नियम के तहत हुई कार्रवाई और ऐसे कर सकेंगे दोबारा निर्माण
उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम 1973 की धारा 28 (क) के तहत पंचवटी कांप्लेक्स पार्क और उसके बगल में प्रीत विहार की 10 दुकानों को सील कर दिया गया है। इन कॉलोनियों में दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कॉलोनाइजरों को प्राधिकरण कार्यालय से भवन उपविधि के अनुसार कॉलोनी के ले-आउट को रेगुलाइज करना होगा। मानकों के अनुसार, सड़क, पथ प्रकाश और सीवर की सुविधा देनी होगी। इसके बाद ही दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर सकते हैं।