फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला के हलक में उतरा तेजाब, पिलाया या पीया, पता नहीं 

Sun, 07 Oct 2018 12:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
पीड़ित महिला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
क्षेत्र के एक गांव में पड़ोसियों से कहासुनी के बाद एक महिला तेजाब से घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कहासुनी के दौरान महिला को आरोपियों ने तेजाब पिलाया या फिर महिला ने खुद ही तेजाब पीया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
विज्ञापन


मोहल्ला नत्था सिंह निवासी खुर्शीद अहमद पुत्र चंदा हुसैन ने अपनी बेटी शाहिनजहां की शादी मोहल्ले के ही अनवर हुसैन से की थी। अनवर और शाहिनजहां के चार बच्चे हैं। यहां शाहिनजहां अपने चारों बच्चों के साथ रहती है, जबकि वर्तमान में अनवर सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शाइनजहां से रंजिश रखते हैं और बात-बात पर आए दिन अभद्रता एवं मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। 

बताते हैं कि शुक्रवार की देर शाम शाहिनजहां के पांच वर्षीय पुत्र गुलफाम ने घर के आगे बनी नाली में पेशाब कर दी। इसको एक लेकर कुछ पड़ोसी अभद्रता कर शाहिनजहां के घर घुस आए। वहां पहले तो दोनों पक्ष में जमकर झड़प हुई। उसके बाद पड़ोसियों ने शाहिनजहां को पकड़कर उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद किसी को नहीं पता कि पड़ोसियों ने शाहिनजहां को तेजाब पिलाया या इस घटना से आहत होकर शाहिनजहां ने खुद तेजाब गटका। आननफानन में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि पीड़ित महिला के पिता की ओर से तहरीर आई है जिसकी जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


दबंगों के डर से बच्चों ने छोड़ा घर, ननिहाल पहुंचे
जसपुर। दबंगों के डर से पीड़िता के बच्चे घर छोड़ कर अपनी ननिहाल में आ गए हैं। उधर महिला का तेजाब पीना या पिलाना रहस्य बना हुआ। पीड़िता के होश में आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी। पीड़िता के पिता के अनुसार नवासे के नाली में पेशाब करने से आक्रोशित दबंगों ने एक राय होकर उनकी पुत्री को तेजाब पिला दिया। कहा कि आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हादसे से डरे सहमे पीड़िता के बच्चे मो. अमन (17), मो. गुफरान (15), मो. जुबैर (14) और गुलफाम (05) कुछ भी कहने की स्थिति में नही है। मोहल्लेवाले भी दबंगों के डर से अपना मुंह नही खोल रहे हैं। पुलिस मोहल्ले वालों से पूछताछ में जुटी है। निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि अभी यह कहना संभव नहीं है कि महिला की आंतें कितनी जख्मी हुई है। होश में आने के बाद महिला के बयान पर ही तस्वीर साफ हो पाएगी कि महिला को तेजाब पिलाया गया है या उसने खुद ही पीया है। 

संशय : शाहिनजहां ने तेजाब पीया या पिलाया
मामले को लेकर नगर में कई तरह की चर्चाएं जारी है। लोग संशय में है कि महिला ने तेजाब पीया है या उसे तेजाब पिलाया गया है। पुलिस और डॉक्टरों की माने तो पीड़िता ने तेजाब स्वयं पीया है। हालांकि पीड़िता के पिता ने दबंग पड़ोसियों पर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। लोगों को यह सवाल परेशान कर रहा है कि अगर महिला ने तेजाब पीया है तो आत्मघाती कदम उठाने के पीछे क्या वजह रही और प्रतिबंधित होने के बावजूद घर में तेजाब कहां से आया।

 जसपुर में आपसी कहासुनी में घायल हुई महिला के साथ शौचालय साफ करने में प्रयुक्त होने वाले तेजाब का प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है। जसपुर कोतवाल को चिकित्सकों से संपर्क कर तेजाब की तीव्रता के बारे में जानकारी करने के निर्देश दिए गए हैं। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर। 

 पीड़िता का मोहल्ले की किसी महिला से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ा कि एक व्यक्ति ने टॉयलेट में रखी तेजाब की बोतल पीड़िता पर फेंक कर मार दी। इससे कुछ तेजाब उसके मुंह में चला गया। कोतवाली पुलिस को तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। - डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर। 

तेजाब बेचना और खरीदना प्रतिबंधित है। यदि पुलिस जांच में तेजाब डालना पाया गया तो तेजाब कहां से आया इसकी भी जांच कर अवैध तरीके से बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - दयानंद सरस्वती, एसडीएम, जसपुर। 

दो साल में तीन एसिड अटैक 
काशीपुर। काशीपुर और जसपुर क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में एसिड अटैक की तीन वारदातें हो चुकी है। इनमें से एक वारदात में झुलसी महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। 17 अगस्त 2016 में काशीपुर में एमपी चौक के पास अमरोहा निवासी अनिल ठाकुर ने फैक्ट्री से ड्यूटी कर लौट रही अपनी पत्नी मीनाक्षी के चेेहरे पर तेजाब डाल दिया था। चार माह बाद एसटीएच हल्द्वानी में उसकी मौत हो गई थी। वहीं, दो मई 2017 को एक व्यक्ति ने पटेलनगर में काशीपुर के परिवार न्यायालय से लौट रही अपनी पत्नी और सास पर एसिड से हमलाकर दिया था। एसिड के छींटे पड़ने से मां-बेटी मामूली रूप से झुलस गई थी। जसपुर की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने जसपुर पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से बगैर लाइसेंस के तेजाब की बिक्री को प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके बावजूद यदि कहीं अनाधिकृत रूप से अधिक तीव्रतायुक्त तेजाब की बिक्री हो रही है तो संघन चेकिंग अभियान चलाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग भी लिया जाएगा। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें