खटीमा में पुलिस व वन विभाग द्वारा पकड़ी गई खैर सहित आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस और वन विभाग की टीम ने एक कार में छिपाकर यूपी ले जाए जा रहे खैर के नौ गिल्टों सहित एक व्यक्ति को पकड़ने में सफलता हासिल की है। एएसपी देवेंद्र पिंचा ने पुलिस की सफलता पर 1000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पीलीभीत रोड स्थित मुड़ेली गांव के पास पुलिस व वन विभाग की टीम द्वारा बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। टनकपुर की ओर से आ रही कार संख्या यूए03-1417 को टीम ने रोका। अंदर सवारी के स्थान पर लकड़ी के गिल्टे लदे थे। टीम ने चालक वार्ड चार टनकपुर निवासी अहमद नवी को दबोच लकड़ी व कार को कब्जे में ले लिया।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट व उप प्रभागीय वनाधिकारी बाबूलाल ने बताया कि कार की पिछली सीट को हटाकर सामान लादने लायक बनाया गया था जिसमें खैर के नौ गिल्टे लदे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह खैर कहां से ला रहा था और कब से इस काम में लगा हुआ है। टीम में एसआई विनोद जोशी, विपिन जोशी, राजेंद्र प्रसाद, कुंदन, वन विभाग से संतोष भंडारी, जागेश्वर वर्मा आदि शामिल रहे।