रुद्रपुर। दिवाली पर रुद्रपुर, गदरपुर और दिनेशपुर स्थित शोरूम से लाखों के मोबाइल चोरी करने वाले चोरों को चिह्नित करने के बाद अब पुलिस सर्विलांस की मदद से चोरी के मोबाइल खरीदने वाले कुछ लोगों तक भी पहुंच चुकी है। माना जा रहा है कि चोरी के मोबाइल बरामद करने के साथ ही पुलिस चोरों को भी गिरफ्तार कर जल्द मामले का खुलासा कर सकती है।
बता दें कि दिवाली की रात चोरों ने रुद्रपुर, गदरपुर और दिनेशपुर स्थित मोबाइल शोरूम के ताले तोड़कर करीब 24 लाख रुपये के मोबाइल चुरा लिए थे। चोरों की धरपकड़ में जुटी पुलिस टीमों ने पूर्व में हुई चोरियों के साक्ष्यों के आधार पर उक्त तीनों चोरियों में शामिल बदमाशों को चिह्नित कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार चोरों को चिह्नित करने के बाद उनकी धरपकड़ में जुटी पुलिस को सर्विलांस की मदद से कुछ अहम सुराग मिले है। इनके सहारे पुलिस को अब चोरी के मोबाइल खरीदने वाले कुछ लोगों तक पहुंचने में भी सफलता मिल गई है। इनसे पुलिस चोरी के मोबाइल बरामद करने में जुटी है। मोबाइल रिकवरी के साथ ही पुलिस चोरों को भी गिरफ्तार कर जल्द मामले का खुलासा कर सकती है।
इससे पूर्व बीते जुलाई में एचपी इंटरप्राइजेज में हुई चोरी के मामले में भी पुलिस को चोरी के मोबाइल खरीदने वाले गाजियाबाद निवासी रईस अहमद, दिल्ली कबूतर मार्केट निवासी मोहम्मद कासिम उर्फ नाटिया और आजाद से ही चोरों का सुराग मिला था। फिलहाल पुलिस टीमें हरियाणा के मेवात और बल्लभगढ़ में डेरा जमाए बैठी हैं।