काशीपुर। दो महीने पहले एक व्यक्ति से 48 हजार रुपये लूटकर उसका सिर पत्थर से कुचल कर गंभीर रुप से घायल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को एसएसआई वीरेंद्र रमोल और कटोराताल चौकी प्रभारी जयपाल सिंह ने मुखबिर की सूचना पर लूट के आरोपी डिग्गू उर्फ विजयपाल पुत्र कलुवा निवासी ढकिया गुलाबो को गिरफ्तार कर लिया। जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि डिग्गू और भारत पुत्र बाबू निवासी ग्राम बरुखी जिला बिजनौर ने छह अप्रैल 2017 को ग्राम बांसखेड़ी कलां निवासी मलखे सिंह से 43 हजार रुपया लूटा था।
जयपाल सिंह ने बताया कि मलखे सिंह ने सहकारी बैंक काशीपुर से 48 हजार रुपया निकाला था। यह दोनों उसे बहला फुसला कर ढेलापुल के आगे बैलजुड़ी मोड़ के पास ले गए। वहां उससे रुपया लूट कर उसका सिर पत्थर से कुचल कर घायल कर दिया। अगले दिन घायल मलखे सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया। वह लंबे समय तक इलाज के बाद वह ठीक हुआ है। पुलिस भारत को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।