बस कंडक्टर और ड्राईवर से मारपीट कर बस में तोड़फोड़
चीका पुलिस ने आठ के खिलाफ दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। चीका में सहकारी परिवहन समिति की बस के ड्राईवर और कंडक्टर पर जानलेवा हमला कर बस में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। चीका पुलिस ने आठ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में खुशल माजरा गुहला निवासी गुरपाल सिंह ने बताया कि वह कौशिक सहकारी परिवहन समिति की बस पर कंडक्टर और गांव दीवान निवासी संदीप ड्राईवर है। 27 जून को 11 बजे सवारी बैठाकर वे लोग पिहोवा से खरकां जा रहे थे। कुछ दूर जाने के बाद बस में बैठे गांव खराल निवासी गोगी को टिकट लेने के लिए कहा। जिस पर उसने टिकट लेने से मना कर दिया। उसने कहा कि उसे बस से नीचे उतार दो वह टिकट नहीं लेता। ड्राईवर को कहकर उसने उसे बस से नीचे उतार दिया। इसके बाद वह उनको धमकी देकर चला गया कि वह चीका आए। जब वह एक बजकर 40 मिनट पर चीका चौक पर सवारी बैठा रहे थे, तभी चार बाइक पर सात-आठ लड़के आए और उन्होंने बस को रोक लिया। उन्होंने उनके साथ मारपीट की और बस के शीशे तोड़ दिए। मारपीट में वह और ड्राईवर दोनों घायल हो गए।
एएसआई जयकिशन ने बताया कि पुलिस ने कंडक्टर की शिकायत पर युवक गोगी और सात अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।