संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ रोडवेज बस अड्डे में मृत पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को मौके पर बुला लिया। परिजन किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कहकर शव को अपने साथ ले गए।
शनिवार की देर शाम यात्रियों ने रोडवेज बस अड्डे में एक व्यक्ति को मृत पड़े देखा। सूचना मिलने पर बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जेब में मिले कागजों से पहचान की। चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सोना मंडल (55) पुत्र चंद मंडल निवासी काली मंदिर के पास रवींद्रनगर के रूप में हुई। मृतक शराब पीने का आदी होने के साथ ही बीमार भी था। वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया और बिना पोस्टमार्टम कराए शव अपने साथ ले गए।