काशीपुर। दिल्ली की एक कंपनी से एक करोड़ नौ लाख रुपये का कोलतार हड़पने के मामले में वांछित चल रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद हल्द्वानी जेल भेज दिया गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी का पुत्र फरार चल रहा है।
नई दिल्ली के रोहतक रोड पंजाबी कॉलोनी स्थित आहूजा इंपेक्स कंपनी के निदेशक कृष्ण कुमार आहूजा ने 27 मई 2017 को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ढकिया गुलाबो स्थित पीआरएल प्रोजेक्ट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लि. को उनकी कंपनी की ओर से मई 2016 से जून 2016 के बीच करीब एक करोड़ नौ लाख रुपये का कोलतार भेजा गया था।
कंपनी ने पीआरएल कंपनी से कोलतार का भुगतान मांगा तो उसने अपनी फर्म को कोलतार की सप्लाई न होने की जानकारी दी। छानबीन में पता चला कि ढकिया गुलाबो में खुराना पैट्रोकेम ने कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर उक्त माल की डिलीवरी अपने यहां करा ली। 1.09 करोड़ की राशि का यह कोलतार कथित फर्म के स्वामी चंद्रमोहन खुराना और उसके पुत्र अमित खुराना ने हड़प लिया।
घटनास्थल बांसखेड़ा में होने के कारण इस मामले में विवेचना आईटीआई थाना पुलिस की ओर से की गई। आरोपी पिता-पुत्र ने अपनी गिरफ्तारी के विरुद्ध हाईकोर्ट से स्थगनादेश प्राप्त कर लिया था। अदालत में चार्जशीट दायर होने के बाद कोर्ट से पिता-पुत्र के खिलाफ वारंट जारी किए गए। इसके बाद भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहे थे। बृहस्पतिवार को कटोराताल चौकी प्रभारी दिनेश बल्लभ ने मुख्य आरोपी चंद्रमोहन खुराना को उसके शिवनगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरा आरोपी अमित पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।