केलाखेड़ा। बेखौफ चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए रविवार रात थाने के पास ही एक घर की चौखट उखाड़ी और घर से सोने, चांदी के जेवर और दस हजार रुपये ले गए। सूचना पर थाना पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वार्ड एक निवासी मो. आरिफ की पत्नी तीनों बच्चों को लेकर शुक्रवार को मायके चली गई थी। रविवार की शाम को आरिफ भी घर में ताला लगाकर अपने पिता के घर मोहल्ला फिदानगर चला गया था। देर रात चोरों ने घर की चौखट उखाड़ी और अलमारी से सोने का हार, सोने के चार कंगन, तीन गले के लॉकेट, दो अंगूठी और 9400 रुपये समेत अन्य सामान ले गए। सोमवार को तड़के नमाज पढ़ने से पहले आरिफ कपड़े बदलने के लिए अपने घर पहुंचा, जहां घर की चौखट उखाड़ी गई थी और अलमारी का लॉक टूटा था। उसके अंदर रखे आभूषण और रुपये गायब थे। आरिफ ने मोहल्ले वासियों के साथ थाने में जाकर तहरीर दी। थाने के पीछे चोरी की वारदात से मोहल्लेवासियों में दहशत है।