रुद्रपुर। आवास विकास चौकी क्षेत्र के जगतपुरा में सफाई कर रहे सफाईकर्मी की झाडू सड़क किनारे खड़ी कार में लग गई। आरोप है कि नाराज कार स्वामी के दो बेटों ने गाली गलौच कर उसकी पिटाई कर दी। सफाई कर्मी का गला दबाने की कोशिश भी की गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की सुबह नगर निगम का संविदा सफाई कर्मी मोहन (27) पुत्र बदलू राम निवासी आदर्श कालोनी घासमंडी रोजाना की तरह जगतपुरा में बृहस्पतिदेव मंदिर के पास सड़क में झाड़ू लगा रहा था। इसी बीच झाडू से सड़क पर जमा पानी के छींटे वहां खड़ी कार में पड़ गए। इससे नाराज कार स्वामी के बेटों ने मोहन से गाली गलौच और मारपीट की।
मारपीट में घायल मोहन को सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मोहन से मारपीट की सूचना मिलते ही सफाईकर्मियों के साथ ही मेयर पति सुरेश कोली, पार्षद धीरेंद्र भट्ट, महेंद्र आर्य भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने मोहन से घटना की जानकारी ली। सफाई कर्मियों ने चेताया कि अगर पुलिस ने जल्द मारपीट करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया तो वे सफाई ठप कर देंगे। वहां पहुंचे आरोपियों के पिता भी घायल मोहन से कानूनी कार्रवाई नहीं करने की गुजारिश करते रहे। आवास विकास चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने बताया कि सफाई कर्मी की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।